वाराणसी में सामने घाट क्रूज टर्मिनल का रास्ता साफ! नगर निगम की सशर्त मंजूरी, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
इस फैसले से काशी में जल पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। सामने घाट पर बनने वाला यह टर्मिनल गंगा के उस पार पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाएगा और मुख्य घाटों पर बढ़ते दबाव को कम करेगा। साथ ही स्थानीय व्यापारियों, हस्तशिल्प उद्योग और छोटे व्यवसायों को नए अवसर मिलेंगे। क्रूज संचालन, गाइड सेवा, होटल और परिवहन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे सैकड़ों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह परियोजना भविष्य में वॉटर टैक्सी और अन्य जल परिवहन सेवाओं के लिए भी मुख्य केंद्र बन सकती है, जिससे शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
नगर निगम ने इसके साथ ही शहर की सेवा बस्तियों के विकास की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। शिवपुर स्थित कांशीराम आवास सहित विभिन्न मलीन बस्तियों का सर्वे शुरू कर दिया गया है, जहां सितंबर-अक्टूबर तक सड़क, बिजली, नाली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुधारने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 67 लाख रुपये की लागत से ऐढ़े क्षेत्र में गौशाला का विस्तार और नई चारदीवारी निर्माण का प्रस्ताव है, जिससे निराश्रित गोवंश को बेहतर आश्रय मिलेगा।
वहीं शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए कई अन्य परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है, जिसमें नदेसर क्षेत्र में नाला निर्माण, चौकीदार कक्ष और शौचालय निर्माण, कैंटोमेंट में मूलभूत सुविधाओं का विकास तथा परेड कोठी में करीब 1.52 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग और अन्य संरचनाओं का निर्माण शामिल है। नगर निगम के इस फैसले से वाराणसी के समग्र विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।