आधे घंटे में पानी निकालने का दावा फेल, 8 महीने तक सीवर संकट! लोगों के भड़कने पर जागा नगर निगम
वाराणसी में आधे घंटे में पानी निकालने का दावा फेल! सीवर समस्या दूर करने में नगर निगम को लगे 8 महीने
वाराणसी। शहर के लहरतारा स्थित आकाश बिल्डर कॉलोनी में सीवर की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश आखिरकार सामने आ गया। पिछले आठ महीने से सीवर ओवरफ्लो और गंदगी की समस्या झेल रहे कॉलोनीवासियों ने रविवार को प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने और अधिकारियों के निरीक्षण के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सफाई कराई।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में सीवर ओवरफ्लो होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर गंदगी जमा होने के कारण वाहन खड़े करने और आने-जाने में भी दिक्कत हो रही थी। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने पर स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने लहरतारा में प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित टीम को मौके पर भेजकर सफाई कराने के निर्देश दिए। नगर निगम की ओर से समस्या के स्थायी समाधान का भी भरोसा दिलाया गया। हालांकि, स्थानीय लोगों की मांग है कि केवल सफाई कराने के बजाय सीवर व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त किया जाए, ताकि बार-बार ओवरफ्लो की स्थिति न बने।
कॉलोनी निवासी डॉ. एसबी सिंह, प्रशांत सिंह, सुभाष शर्मा, रमाकांत मौर्य और नीलगिरी साहू ने बताया कि वे पिछले आठ महीने से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई।
अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन समस्या बनी रही। लोगों ने आरोप लगाया कि गंदगी के कारण सावन में कॉलोनी के लोगों को मंदिर जाने में भी परेशानी हुई और अब नवरात्र के दौरान भी ऐसी स्थिति बनने की आशंका है।
स्थानीय निवासी ममता जायसवाल ने बताया कि पीडब्ल्यूडी की ओर से नाला निर्माण का काम कराया जा रहा है, जिसके चलते सीवर लाइन बंद होने से ओवरफ्लो की समस्या उत्पन्न हुई है। वहीं, इंदिरा उपाध्याय ने कहा कि सीवर की समस्या के कारण कॉलोनी में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग तक मुश्किल हो गई है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह और मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र ने बताया कि सड़क और नाला निर्माण कार्य के कारण परेशानी आई है। अधिकारियों के अनुसार, समस्या का समाधान कराने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द से जल्द स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
अब देखना होगा कि सफाई के बाद कॉलोनीवासियों को राहत कितने समय तक मिलती है और सीवर समस्या का स्थायी समाधान कब तक हो पाता है।