काशी में मुख्यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ का दौरा, 5 और 6 मई को कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

Yogi Adityanath के वाराणसी दौरे पर अलर्ट, दो दिन बदलेगा ट्रैफिक रूट
 

वाराणसी। 5 और 6 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर प्रदेश कमिश्नरेट वाराणसी की यातायात पुलिस ने एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। सुगम यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार यातायात रोक और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। 5 मई को होने वाले प्रमुख बदलावों में अमर उजाला तिराहा से वीवीआईपी आगमन से 3 घंटे पूर्व टेम्पो ट्रेवलर, बस और क्रूजर जैसे वाहनों को लहुराबीर-मैदागिन की ओर नहीं जाने दिया जाएगा, इन्हें लकड़ीमंडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

 

विशेश्वरगंज तिराहा से 1 घंटे पूर्व चार पहिया वाहन मैदागिन की ओर प्रतिबंधित रहेंगे, इन्हें गोलगड्डा तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा। मरीमाई तिराहा से तेलियाबाग की ओर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे, इन्हें अंध्रापुल और मलदहिया की ओर भेजा जाएगा। मलदहिया से लहुराबीर/जयसिंह की ओर जाने वाले वाहन रोके जाएंगे, इन्हें मरीमाई, साजन और इंग्लिशिया लाइन की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पिशाचमोचन और चेतगंज क्षेत्र से लहुराबीर की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा, वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

 

गोदौलिया से मैदागिन की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। 6 मई को लागू रहने वाले डायवर्जन में जेपी मेहता से भोजूबीर की ओर जाने वाले वाहन सेन्ट्रल जेल तिराहा की ओर मोड़े जाएंगे। गिलट बाजार से भोजूबीर सब्जी मंडी की ओर आवागमन बंद रहेगा, वाहन शिवपुर चुंगी की ओर भेजे जाएंगे। सिंधौरा अंडरपास और टीएफसी से भोजूबीर की ओर जाने वाले वाहन हरहुआ रिंग रोड और आजमगढ़ अंडरपास की ओर डायवर्ट होंगे। महावीर मंदिर चौराहा से सब्जी मंडी की ओर जाने वाले वाहन अर्दली बाजार और पांडेयपुर की ओर भेजे जाएंगे।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही प्रभावित मार्गों पर निकलें। यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलें ताकि असुविधा से बचा जा सके। हेल्पलाइन नंबर: ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994, ट्रैफिक हेल्पलाइन: 7317202020। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी के सहयोग से ही कार्यक्रम को सकुशल सम्पन्न कराया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को एक मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वाराणसी आएंगे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, वह शाम को पुलिस लाइन ग्राउंड पहुंचेंगे और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद, अगले दिन 6 मई को बड़ालालपुर में कार्यक्रम में भाग लेंगे और फिर सड़क मार्ग से बाबतपुर एयरपोर्ट जाएंगे।