गंगा घाटों पर छठ की तैयारियां तेज, श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात होंगे 270 जवान

गंगा घाटों पर चप्पे-चप्पे पर नजर, छठ पर्व के लिए एनडीआरएफ ने तैयार किया सुरक्षा प्लान
 

वाराणसी। डाला छठ पर्व पर गंगा घाटों और जलाशयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की नौ टीमें तैनात की गई हैं। प्रत्येक टीम में 30 प्रशिक्षित बचावकर्मी शामिल होंगे। इनकी तैनाती गंगा घाटों के साथ ही कुंडों, तालाबों और अन्य प्रमुख पूजा स्थलों पर की जाएगी।

छठ पर्व के दौरान श्रद्धालु अस्ताचलगामी और उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए गंगा और अन्य जलाशयों में उतरते हैं। इस दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ की टीमें विशेष रूप से सतर्क रहेंगी।

एनडीआरएफ की 11वीं वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के अनुसार, वाराणसी के प्रमुख गंगा घाटों के अलावा बनारस रेल इंजन कारखाना (बीएलडब्ल्यू) परिसर स्थित सूर्य सरोवर और शिवपुर के गणेश पोखरा में भी बचाव दल तैनात किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त चंदौली और गोरखपुर में भी एनडीआरएफ की टीमें श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहेंगी।

सभी बचाव दलों को आधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस किया गया है। इनमें रेस्क्यू मोटर बोट, वाटर एंबुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ ब्वॉय, ऑक्सीजन सिलेंडर और गोताखोरी से संबंधित जरूरी उपकरण शामिल हैं। प्रशिक्षित गोताखोरों और पैरामेडिकल कर्मियों की मदद से जल दुर्घटना की स्थिति में तत्काल बचाव एवं प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर एनडीआरएफ की टीमों की संख्या बढ़ाने का भी प्रावधान रखा गया है।

अग्निशमन विभाग ने भी सुरक्षा के मद्देनजर शहर के आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर विशेष ड्यूटी लगाई है। लाट भैरव, मार्कंडेय महादेव, चितरंजन पार्क, दशाश्वमेध घाट, वरुणा ब्रिज एवं शास्त्री घाट, सूर्य सरोवर, अस्सी घाट और शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर पर अग्निशमन कर्मियों की तैनाती रहेगी। एनडीआरएफ मुख्यालय में भी बचाव दल और उपकरण 24 घंटे आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगे। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है।