चौकाघाट से नमोघाट मार्ग का होगा कायाकल्प, हरियाली और आकर्षक पेंटिंग से बढ़ेगी सुंदरता

 

 

चौकाघाट से नमोघाट मार्ग का होगा कायाकल्प, हरियाली और आकर्षक पेंटिंग से बढ़ेगी सुंदरता

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया स्थलीय निरीक्षण, अवैध होर्डिंग हटाने और सड़क की खामियां दूर करने के दिए निर्देश

वाराणसी। शहर के प्रमुख मार्गों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम ने चौकाघाट से नमोघाट मार्ग के सुंदरीकरण की तैयारी तेज कर दी है। इस मार्ग पर अवैध विज्ञापन और होर्डिंग हटाने के साथ हरियाली बढ़ाने, बेहतर प्रकाश व्यवस्था करने तथा विभिन्न स्थानों पर आकर्षक थीमैटिक पेंटिंग कराने की योजना बनाई गई है। शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सड़क पर लगे खंभों से अवैध विज्ञापन तत्काल हटाने को कहा, ताकि यातायात बाधित न हो और मार्ग की सुंदरता बनी रहे। सड़क निर्माण के दौरान दबे या ढके मैनहोलों को चिह्नित कर मानक के अनुरूप ऊंचा कराने के निर्देश भी दिए गए, जिससे सीवर व्यवस्था और सफाई कार्य प्रभावित न हों।

मार्ग के डिवाइडर पर रंग-बिरंगे झंडे लगाए जाएंगे। सड़क के दोनों ओर पटरियों पर पाथवे की रीसेटिंग कराकर ट्री-गार्ड के साथ पौधरोपण किया जाएगा। साथ ही डिवाइडर पर अनियंत्रित रूप से बढ़ी झाड़ियों और पेड़-पौधों की छंटाई कर उन्हें व्यवस्थित किया जाएगा।

कज्जाकपुरा आरओबी और अंडरपास पर होगी आकर्षक पेंटिंग

मार्ग के सौंदर्यीकरण के तहत कज्जाकपुरा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के नीचे मोटिफ आर्ट्स पेंटिंग कराई जाएगी। इसके दोनों ओर स्थित सर्विस रोड पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नए लाइट प्वाइंट लगाए जाएंगे। वहीं, राजघाट स्थित भदऊं डाट पुल, कज्जाकपुरा अंडरपास और अलईपुर अंडरपास पर वर्ली आर्ट आधारित थीमैटिक पेंटिंग कराई जाएगी। सिटी स्टेशन की बाउंड्री वॉल को भी आकर्षक चित्रकारी से सजाने के निर्देश दिए गए हैं।

सिल्ट हटाने और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर

नगर आयुक्त ने यूनिटी मॉल के सामने सहित मार्ग के विभिन्न हिस्सों में जमा सिल्ट को तत्काल हटाने तथा नमोघाट पर सफाई कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। राजघाट तिराहे के पास शीतला माता मंदिर के सामने स्थित ड्रेन की मरम्मत कराने के साथ मार्ग के आवश्यक स्थानों पर व्यू कटर लगाने को भी कहा गया।

नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने और किए गए कार्यों की आख्या प्रस्तुत करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।