छठ पर्व को लेकर चंदौली में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा के कड़े निर्देश

मानसरोवर तालाब और दामोदरदास पोखरा की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, गहरे पानी में बैरिकेडिंग से लेकर ड्रोन निगरानी तक की तैयारी
 

चंदौली। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित मानसरोवर तालाब और दामोदरदास पोखरा सहित प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर सभी बुनियादी सुविधाएं समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने घाटों की नियमित सफाई कराने, गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग करने और पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ पानी और घाटों के किनारों पर संक्रमण से बचाव के लिए चूने का छिड़काव कराने को भी कहा।

ड्रोन से होगी घाटों की निगरानी

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भीड़भाड़ वाले घाटों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी।

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखा जाएगा। इसके अलावा अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।

यातायात और पार्किंग की भी व्यवस्था

छठ पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि घाटों तक पहुंचने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर जिम्मेदारी से कार्य करने और व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पीडीडीयू नगर, क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।