अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, कचहरी-संदहा मार्ग के चौड़ीकरण की तैयारी तेज
वाराणसी। कचहरी से संदहा तक सड़क चौड़ीकरण की परियोजना के तहत मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन की निगरानी में पीडब्ल्यूडी की ओर से चिह्नित सड़क सीमा में आने वाले निर्माणों को बुलडोजर से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर छह बुलडोजर लगाए गए थे।
पीडब्ल्यूडी की ओर से संबंधित निर्माणों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद भी सड़क की निर्धारित सीमा में बने कुछ निर्माण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान कई मकानों के सड़क की ओर निकले हिस्सों को भी गिराया गया।
कचहरी-संदहा मार्ग पर लंबे समय से यातायात का दबाव बना हुआ है। मार्ग के संकरे हिस्सों के कारण अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। सड़क चौड़ीकरण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने और लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।