कोहरे में रोडवेज बसों की रफ्तार पर ब्रेक, चालकों को जारी हुए सख्त निर्देश

यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिवहन निगम सतर्क, बसों की लाइट और सुरक्षा उपकरणों की जांच के निर्देश
 

वाराणसी। पूर्वांचल में सर्दी के साथ कोहरे का प्रभाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए परिवहन निगम ने रोडवेज बसों के सुरक्षित संचालन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। धुंध के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बसों की गति नियंत्रित रखने के साथ कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अत्यधिक कोहरे में जब सामने का रास्ता साफ दिखाई न दे तो बसों का संचालन जारी रखने के बजाय उन्हें सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया जाए।

परिवहन निगम की ओर से बसों की तकनीकी स्थिति और सुरक्षा उपकरणों की जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत हेडलाइट, बैकलाइट, इंडिकेटर, फॉग लाइट और रिफ्लेक्टिव टेप की जांच की जा रही है। जिन बसों की लाइट खराब या सुरक्षा उपकरण अधूरे पाए जाएंगे, उन्हें दुरुस्त किए बिना सड़क पर संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, शेष बसों में लो-वेदर बल्ब लगाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है, जिससे कोहरे के दौरान सड़क पर दृश्यता बेहतर बनी रहे।

निर्देशों के मुताबिक, अत्यधिक घने कोहरे में दृश्यता कम होने पर चालक बस को नजदीकी बस स्टेशन, यात्री प्लाजा, पेट्रोल पंप या पुलिस थाने जैसे सुरक्षित स्थान पर खड़ी करेंगे। मुख्य सड़क पर बस रोकने से बचने को कहा गया है, क्योंकि इससे पीछे से आने वाले वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। यदि किसी अपरिहार्य स्थिति में बस रोकनी पड़े तो पार्किंग लाइट चालू रखना अनिवार्य होगा, ताकि अन्य वाहन चालकों को बस की मौजूदगी का पता चल सके।

चालकों को कोहरे में लो-बीम लाइट का इस्तेमाल करने, निर्धारित लेन में चलने और आगे चल रहे वाहनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गलत दिशा में वाहन चलाने और जल्दबाजी में ओवरटेक करने से बचने की हिदायत दी गई है। परिवहन अधिकारियों का मानना है कि कोहरे के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि कोहरे को देखते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। बसों की सुरक्षा जांच और चालकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।