काशी समेत तीन धार्मिक शहरों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

दिवाली से पहले काशी को धमाके से दहलाने की धमकी, खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से आया ई-मेल
 
8 से 27 नवंबर तक वाराणसी, अयोध्या और मथुरा में धमाकों की चेतावनी, बीएचयू, स्कूलों, नगर निगम और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाई गई, केंद्रीय एजेंसियां जांच में जुटीं

वाराणसी। दीपावली पर्व से पहले धार्मिक नगरी काशी को बम धमाकों से दहलाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से भेजे गए एक धमकी भरे ई-मेल में वाराणसी, अयोध्या और मथुरा को निशाना बनाने की बात कही गई है। ई-मेल में आठ नवंबर से 27 नवंबर के बीच सिलसिलेवार धमाकों की चेतावनी दी गई है। इसके बाद वाराणसी में पुलिस कमिश्नरेट और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को वाराणसी नगर निगम के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इसमें आठ नवंबर को स्कूलों और मंदिरों में बम धमाके करने की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), केंद्रीय विद्यालय, सेंट्रल हिंदू स्कूल और नगर निगम कार्यालय का भी उल्लेख किया गया है। धमकी की जानकारी मिलते ही संबंधित संस्थानों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ पुलिस को सूचना दी।

बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने केंद्रीय विद्यालय पहुंचकर प्रधानाचार्य से बातचीत की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय और सेंट्रल हिंदू स्कूल को लेकर मिली जानकारी के बाद दोनों संस्थानों में सतर्कता बढ़ाई गई है। इस संबंध में लंका थाने को भी सूचना दी गई है।

वहीं, नगर निगम कार्यालय को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पुलिस के उच्चाधिकारियों और सिगरा पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद नगर निगम परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस की टीमें संबंधित संस्थानों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी कर रही हैं।

काशी, अयोध्या और मथुरा को निशाना बनाने की बात

धमकी भरे ई-मेल में केवल वाराणसी ही नहीं, बल्कि अयोध्या और मथुरा जैसे प्रमुख धार्मिक शहरों का भी उल्लेख किया गया है। संदेश में आठ नवंबर से 27 नवंबर तक धमाकों की चेतावनी दी गई है। इसे देखते हुए संबंधित शहरों में भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां कर रहीं जांच

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के मुताबिक, धमकी भरे ई-मेल की जांच केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। नगर निगम, बीएचयू, स्कूलों और प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी थानों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है। ई-मेल की सत्यता और इसे भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है।