हरी मटर के दाम में बड़ी राहत, आम आदमी की थाली में फिर लौटा मौसमी स्वाद

सर्दियों की खास सब्जी मटर हुई सस्ती, निमोना और मटर चूड़ा की बढ़ी मांग

 

वाराणसी। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही बाजारों में सर्दियों की पसंदीदा सब्जी हरी मटर की आवक तेज हो गई है। मटर की कीमतों में बड़ी गिरावट आने से अब यह आम उपभोक्ताओं की पहुंच में आ गई है। कुछ समय पहले तक 200 से 250 रुपये प्रति किलो बिकने वाली हरी मटर अब थोक बाजार में करीब 50 रुपये और फुटकर बाजार में 60 रुपये प्रति किलो उपलब्ध है। कीमतों में कमी से घरों में सर्दियों के पारंपरिक व्यंजन निमोना, मटर चूड़ा और घुघुरी का स्वाद एक बार फिर लौटने लगा है।

करीब दो महीने पहले देहरादून की पहाड़ी मटर की आवक के साथ वाराणसी की मंडियों में इसकी बिक्री शुरू हुई थी। शुरुआती दौर में सीमित उपलब्धता के कारण इसके दाम काफी अधिक थे। धीरे-धीरे जबलपुर और पंजाब से मटर की आपूर्ति बढ़ने के साथ कीमतों में गिरावट आती गई। वर्तमान में बाजार में पर्याप्त मात्रा में मटर उपलब्ध होने से ग्राहकों को राहत मिली है।

शहर की पहड़िया, लालपुर, भोजूबीर और लमही मंडियों में इन दिनों हरी मटर की खरीदारी बढ़ी है। सब्जी कारोबारियों के मुताबिक, अभी बाजार में मुख्य रूप से जबलपुर और पंजाब से मटर आ रही है। स्थानीय मटर की आवक शुरू होने में करीब 15 दिन का समय और लग सकता है। इसके बाद बाजार में आपूर्ति बढ़ने से कीमतों में और गिरावट आने की संभावना है।

कारोबारियों का कहना है कि शादी-विवाह का मौसम होने के कारण मटर की मांग भी बनी हुई है। इसके बावजूद आवक पर्याप्त रहने से कीमतों पर दबाव बना हुआ है। स्थानीय उत्पादन मंडियों तक पहुंचने के बाद ग्राहकों को और सस्ती मटर मिलने की उम्मीद है।

सर्दियों में हरी मटर का इस्तेमाल कई पारंपरिक व्यंजनों में किया जाता है। खासकर बनारस और पूर्वांचल के घरों में निमोना, मटर चूड़ा और घुघुरी की विशेष पसंद रहती है। लंबे समय तक महंगी रहने के कारण इन व्यंजनों का स्वाद कई परिवारों के बजट से बाहर हो गया था, लेकिन कीमतों में आई गिरावट ने एक बार फिर रसोई में मटर की रौनक बढ़ा दी है।