रेलवे का बड़ा फैसला! बिना टिकट यात्रा पर अब 500 रुपये जुर्माना, 1 जुलाई से लागू होंगे नए नियम
वाराणसी। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और रेलवे परिसरों में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से रेलवे अधिनियम में बड़ा संशोधन किया है। करीब 13 वर्षों बाद किए गए इस बदलाव के तहत बिना टिकट यात्रा करने वालों पर लगने वाले जुर्माने की राशि दोगुनी कर दी गई है। नए नियम 1 जुलाई 2026 से देशभर में लागू हो जाएंगे।
रेलवे के नए प्रावधानों के अनुसार यदि कोई यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा जाता है तो उसे न्यूनतम 500 रुपये का जुर्माना भरना होगा। इसके अतिरिक्त संबंधित यात्रा का पूरा किराया भी वसूला जाएगा। अब तक यह जुर्माना 250 रुपये था, जिसे बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है।
रेलवे ने दूसरे व्यक्ति के टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई है। ऐसे मामलों में यात्रियों से अतिरिक्त शुल्क और जुर्माना वसूला जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे फर्जी टिकट और अनधिकृत यात्रा पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
नए नियमों के तहत रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अवैध रूप से सामान बेचने, भीख मांगने, धूम्रपान करने तथा नशे की हालत में उपद्रव मचाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान रखा गया है।
रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा टिकट जांच कर्मचारियों को निर्देश जारी कर नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। रेलवे का मानना है कि इन बदलावों से यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिलेगा तथा रेलवे परिसरों में अनुशासन और स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा।
अधिकारियों के अनुसार नए नियमों का मुख्य उद्देश्य टिकट चोरी पर रोक लगाना, रेलवे की आय बढ़ाना और यात्रियों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण तैयार करना है।