शिक्षक दिवस पर TheTeacherApp की बड़ी उपलब्धि, देशभर में 3 लाख उपयोगकर्ताओं तक पहुंचा प्लेटफॉर्म
वाराणसी। शिक्षक दिवस से पहले भारती एयरटेल फाउंडेशन के डिजिटल शिक्षा प्लेटफॉर्म TheTeacherApp ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आजीवन निःशुल्क उपलब्ध इस प्लेटफॉर्म के उपयोगकर्ताओं की संख्या देशभर में करीब तीन लाख पहुंच गई है।
फाउंडेशन के मुताबिक, प्लेटफॉर्म के जरिए शिक्षकों को डिजिटल संसाधन, प्रशिक्षण सामग्री और आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
नवंबर 2024 में शुरू किए गए TheTeacherApp को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप शिक्षकों के सतत व्यावसायिक विकास के लिए तैयार किया गया है।
प्लेटफॉर्म पर शिक्षकों के लिए 4,000 घंटे से अधिक की सीखने की सामग्री और 45 से ज्यादा एआई आधारित शिक्षण उपकरण उपलब्ध हैं। इसका उद्देश्य शिक्षकों को कक्षा की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार करना और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में सुधार करना है।
फाउंडेशन ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड समेत कई राज्यों की सरकारों के साथ साझेदारी की है। इन साझेदारियों के माध्यम से शिक्षकों के लिए राज्य स्तर पर सतत व्यावसायिक विकास कार्यक्रमों को सहयोग दिया जा रहा है। प्लेटफॉर्म अब 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में शिक्षक विकास से जुड़े प्रयासों का हिस्सा बन चुका है।
TheTeacherApp के जरिए शिक्षक अपनी सुविधा के अनुसार छोटे पाठ्यक्रम, वेबिनार और पॉडकास्ट के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसमें शिक्षकों को अपनी जरूरत और रुचि के अनुसार सीखने की सामग्री चुनने की सुविधा भी मिलती है। इससे प्रशिक्षण को नियमित शिक्षण कार्य के साथ जोड़ने पर जोर दिया गया है।
भारती एयरटेल फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष और भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष राकेश भारती मित्तल ने कहा कि देश के भविष्य को आकार देने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री, व्यावहारिक संसाधन, तकनीक और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से TheTeacherApp को विकसित किया गया है।
फाउंडेशन नीति आयोग के सहयोग से आकांक्षी जिलों में भी शिक्षक विकास कार्यक्रमों को मजबूत कर रहा है। इन प्रयासों में आधारभूत साक्षरता, डिजिटल क्षमता और कक्षा प्रबंधन जैसे विषयों पर ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, उत्तराखंड और नागालैंड में भी अलग-अलग स्तर पर शिक्षक प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
TheTeacherApp के साथ शिक्षा क्षेत्र के कई संस्थान भी जुड़े हैं। इनमें प्रथम, खान अकादमी, कथा, लेटस्टेट, एजुकेशनल इनिशिएटिव्स, सीके12 फाउंडेशन, सिंपल एजुकेशन फाउंडेशन, पल्लवन, सर्वम एआई, गुड स्कूल अलायंस और सेंट्रल स्क्वेयर फाउंडेशन शामिल हैं।
भारती एयरटेल फाउंडेशन का कहना है कि TheTeacherApp उसके 25 वर्षों से अधिक के शिक्षा क्षेत्र के अनुभव का डिजिटल विस्तार है। सत्य भारती स्कूल कार्यक्रम, क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम और स्टेट पार्टनरशिप्स के जरिए फाउंडेशन पहले ही लाखों विद्यार्थियों और हजारों शिक्षकों तक पहुंच बना चुका है। अब डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए इस अनुभव को देशभर के शिक्षकों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है।