BHU News: बीएचयू को मिला नया कुलसचिव! राजन श्रीवास्तव ने संभाला कार्यभार, बोले- महामना की बगिया में सेवा करना सौभाग्य
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में राजन श्रीवास्तव ने कुलसचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया। विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। विस्तृत विज्ञप्ति जल्द जारी होगी।
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में प्रशासनिक नेतृत्व को नई दिशा देते हुए श्री राजन श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव (Registrar) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। मंगलवार को केंद्रीय रजिस्ट्री स्थित कुलसचिव कार्यालय में प्रो. अरुण कुमार सिंह ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद श्री राजन श्रीवास्तव ने कहा कि महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित इस महान शिक्षण संस्थान में सेवा का अवसर मिलना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक और संस्थागत प्रगति के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर केंद्रीय कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नव नियुक्त कुलसचिव का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
उच्च शिक्षा प्रशासन का लंबा अनुभव
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में नियुक्ति से पहले श्री राजन श्रीवास्तव राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी), जायस, अमेठी में कुलसचिव के पद पर कार्यरत थे। इससे पूर्व वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-बीएचयू), वाराणसी में प्रभारी कुलसचिव के रूप में करीब साढ़े चार वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
लगभग तीन दशक के प्रशासनिक अनुभव वाले राजन श्रीवास्तव उच्च शिक्षा प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन और संस्थागत संचालन में अपनी दक्षता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने आईआईटी (बीएचयू) में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और वित्तीय जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
1996 में शुरू हुआ प्रशासनिक सफर
श्री राजन श्रीवास्तव ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय में सहायक कुलसचिव के रूप में की थी। वर्ष 2009 में उन्हें उप कुलसचिव पद पर पदोन्नति मिली। इसके बाद वर्ष 2012 में वे आईआईटी (बीएचयू) से जुड़े और वर्ष 2014 से संयुक्त कुलसचिव के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालते रहे।
बीएचयू के ही पुराछात्र हैं राजन श्रीवास्तव
राजन श्रीवास्तव स्वयं बीएचयू के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1991 में बीएससी तथा 1993 में वनस्पति विज्ञान विषय में एमएससी की डिग्री काशी हिंदू विश्वविद्यालय से प्राप्त की। इसके अलावा वर्ष 2010 में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) से एमबीए की उपाधि भी हासिल की।
विश्वविद्यालय समुदाय को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में बीएचयू के प्रशासनिक कार्यों में और अधिक पारदर्शिता, दक्षता तथा नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।