BHU News: फ्री IAS-PCS कोचिंग परीक्षा में माइनस 12 तक पहुंचे अंक, 100 सीटों के लिए 428 अभ्यर्थियों की मेरिट जारी

बीएचयू में IAS-PCS की मुफ्त कोचिंग प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी। 100 सीटों के लिए 428 अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी हुई। परीक्षा में अधिकतम 175 अंक और न्यूनतम माइनस 12 अंक दर्ज किए गए।

 
 

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में आईएएस और पीसीएस की निशुल्क कोचिंग के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। डॉ. आंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा संचालित इस परीक्षा में कई चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं। कुछ अभ्यर्थियों के जहां 175 तक अंक आए, वहीं कई उम्मीदवारों के अंक माइनस 12 और माइनस पांच तक पहुंच गए।

बीएचयू प्रशासन की ओर से 100 सीटों के लिए कुल 428 अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट और रैंकिंग जारी की गई है। इस परीक्षा में शामिल 15 अभ्यर्थी ऐसे भी रहे, जो 10 अंक तक हासिल नहीं कर सके। परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को आईएएस और पीसीएस की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी। साथ ही उन्हें अध्ययन सामग्री और किताबें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

डॉ. आंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के को-ऑर्डिनेटर प्रो. आरएन खरवार ने बताया कि तीन जून को 100 सीटों के सापेक्ष 300 अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया गया है। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।

प्रवेश परीक्षा में ओबीसी वर्ग का सर्वाधिक स्कोर 175 अंक रहा, जबकि न्यूनतम अंक दो तक पहुंचे। वहीं एससी वर्ग में अधिकतम 162 अंक और न्यूनतम माइनस 12 अंक दर्ज किए गए। परीक्षा के टॉप-5 में ओबीसी वर्ग का दबदबा देखने को मिला। 169 अंकों के साथ दूसरा स्थान भी ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थी ने हासिल किया, जबकि 162 अंक लेकर एससी वर्ग का छात्र तीसरे स्थान पर रहा।

इसके अलावा 161 और 158 अंकों के साथ भी ओबीसी वर्ग के उम्मीदवार शीर्ष रैंक में शामिल रहे। दूसरी ओर एससी वर्ग के कुछ उम्मीदवारों के माइनस पांच अंक भी आए। वहीं कई अभ्यर्थियों को केवल दो और चार अंक ही प्राप्त हुए।

बीएचयू का यह सेंटर सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों को सिविल सेवा की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग उपलब्ध कराता है। हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं और चयनित विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है।