बनारस स्टेशन पर गूंजे देशभक्ति के तराने, आरपीएफ बैंड की प्रस्तुति ने यात्रियों में भरा राष्ट्रप्रेम

स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा अभियान के तहत बनारस स्टेशन पर आरपीएफ बैंड ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। यात्रियों और रेलकर्मियों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया।
 

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस समारोह और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बनारस रेलवे स्टेशन पर सोमवार को भव्य देशभक्ति बैंड कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

रेलवे सुरक्षा बल के बैंड दल की मनमोहक प्रस्तुतियों से स्टेशन परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। यात्रियों और रेलकर्मियों ने देशभक्ति गीतों की धुन पर तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। 

 

मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पंकज चुघ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या आठ स्थित निर्धारित सेल्फी प्वाइंट यात्री हॉल में दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक चला।

रेलवे सुरक्षा बल प्रशिक्षण केंद्र, गोरखपुर से आए बैंड दल ने अनुशासित और आकर्षक प्रस्तुतियों से यात्रियों का ध्यान खींचा।

 

रेलवे सुरक्षा बल के बैंड दल ने ‘वंदे मातरम्’, ‘जहां डाल-डाल पर चिड़िया करती है बसेरा, वो भारत देश है मेरा’ और ‘दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ सहित कई लोकप्रिय देशभक्ति गीतों की धुन प्रस्तुत की। मधुर धुनों के बीच पूरा स्टेशन परिसर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओतप्रोत नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों, विदेशी पर्यटकों, रेल कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल, राजकीय रेल पुलिस और नागरिक पुलिस के जवानों ने तालियों के साथ बैंड दल का उत्साहवर्धन किया। कई यात्री देशभक्ति गीतों की धुन पर झूमते नजर आए और उन्होंने प्रस्तुति की सराहना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहायक सुरक्षा आयुक्त, छपरा अजय कुमार और विशिष्ट अतिथि प्रभारी निरीक्षक, मडुआडीह अजय राज वर्मा मौजूद रहे।

अतिथियों ने रेलवे सुरक्षा बल बैंड की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोगों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र गौरव की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही रेलवे परिसर में सकारात्मक और उत्साहपूर्ण वातावरण का निर्माण होता है।

कार्यक्रम का आयोजन रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट बनारस के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान बनारस रेलवे स्टेशन के विभिन्न विभागों के रेलकर्मी, पर्यवेक्षक, स्थानीय पुलिस, राजकीय रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आयोजन शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।