वाराणसी छावनी में सेना थीम पर बनेगा टैंक-तोप, बनेगा भव्य शहीद स्मारक
प्रस्तावित पार्क को भारतीय सेना की थीम पर तैयार किया जाएगा, जहां लोगों को सेना के इतिहास, वीरता और सैन्य परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। पार्क में पुराने टैंक, तोप और सेना के प्रतीक चिह्न स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों की स्मृति में भव्य शहीद स्मारक भी बनाया जाएगा, जो युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगा।
यह पार्क केवल पर्यटन स्थल नहीं होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन का भी बड़ा केंद्र बनेगा। यहां स्थानीय प्रजातियों के पेड़-पौधे, औषधीय वनस्पतियां, तितलियों और पक्षियों के लिए प्राकृतिक आवास विकसित किए जाएंगे। पार्क में बटरफ्लाई गार्डन, ग्रीन वॉकिंग ट्रैक और प्राकृतिक हरित पथ भी तैयार किए जाएंगे, ताकि लोग प्रकृति के बीच सुकून भरा अनुभव ले सकें।
युवाओं और पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पार्क में सेना की ट्रेनिंग शैली पर आधारित एडवेंचर एक्टिविटीज और ऑब्सटेकल कोर्स जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके अलावा ओपन एयर जिम और परिवारों के लिए विशेष मनोरंजन क्षेत्र भी तैयार किए जाने की योजना है।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है और इसे वाराणसी की नई पहचान के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क शहर में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति की भावना को एक साथ बढ़ावा देगा। पार्क बनने के बाद यह वाराणसी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो सकता है।