भीषण गर्मी और हीट वेव के चलते वाराणसी के सभी स्कूल 25 मई तक बंद
वाराणसी। जनपद में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वाराणसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी परिषदीय, माध्यमिक, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालयों में 19 मई से 25 मई 2026 तक शिक्षण कार्य पूर्णतः बंद रहेगा। इस दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव द्वारा जारी कार्यालय आदेश में बताया गया है कि जनपद में लगातार अत्यधिक तापमान और लू जैसी स्थिति बनी हुई है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि भीषण गर्मी के कारण बच्चों के बीमार होने की आशंका को देखते हुए सभी विद्यालयों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
यह आदेश जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों के साथ-साथ माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई बोर्ड, आईसीएसई बोर्ड और अन्य सभी बोर्ड के स्कूल शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 19 मई से 25 मई तक किसी भी विद्यालय में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी।
आदेश में सभी विद्यालय प्रबंधनों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि शासन के आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी विद्यालय द्वारा आदेश की अवहेलना की जाती है तो संबंधित संस्था के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बीएसए कार्यालय द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी वाराणसी, शिक्षा निदेशक, संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को भी भेजी गई है ताकि आदेश का प्रभावी ढंग से अनुपालन कराया जा सके।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से वाराणसी समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में बच्चों को राहत देने के उद्देश्य से प्रशासन ने स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है।