हवाई सफर को मिलेगी नई उड़ान, जनवरी में शुरू हो सकता है वाराणसी एयरपोर्ट का नया टर्मिनल
वाराणसी। काशी के हवाई सफर को नई पहचान देने की दिशा में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर के विस्तारीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का करीब 89 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्यों को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सब कुछ निर्धारित समय के अनुसार रहा तो जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण कर सकते हैं। इस संभावित कार्यक्रम को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय भी परियोजना की प्रगति की निगरानी कर रहा है।
करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा नया टर्मिनल भवन लगभग 75 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपी गई है। भवन का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इन दिनों पेंटिंग सहित फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है। टर्मिनल भवन के ऊपरी हिस्से में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर की तर्ज पर गुंबद बनाया जाना भी प्रस्तावित है, जो इसकी खूबसूरती और धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को विशेष स्वरूप देगा।
तीन मंजिला भवन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
नया टर्मिनल भवन तीन मंजिला होगा। इसके भूतल पर यात्रियों के आगमन की व्यवस्था रहेगी, जबकि प्रथम तल पर प्रस्थान हॉल बनाया गया है। द्वितीय तल पर कार्यालयों की व्यवस्था होगी। यात्रियों की सुविधा के लिए भवन में आठ एयरोब्रिज, 72 चेक-इन काउंटर, आठ बैगेज कन्वेयर बेल्ट और 14 सुरक्षा जांच काउंटर बनाए जा रहे हैं। इससे यात्रियों को विमान तक पहुंचने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में पहले के मुकाबले अधिक सहूलियत मिलेगी।
टर्मिनल के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में काशी की समृद्ध संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और विरासत को प्रदर्शित करने वाली कलाकृतियां लगाई जाएंगी। इनमें वैदिक मंत्रों को भी स्थान दिया जाएगा। भवन में प्राकृतिक रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ काशी की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी।
एक समय में पांच हजार यात्रियों की आवाजाही की क्षमता
नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद एयरपोर्ट की यात्री सुविधाओं और संचालन क्षमता में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। इस भवन में एक समय में करीब पांच हजार यात्रियों की आवाजाही संभालने की व्यवस्था होगी। इसकी वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 60 लाख से अधिक होगी। वर्तमान में एयरपोर्ट से प्रतिदिन करीब 66 विमानों का संचालन होता है और लगभग 12 से 13 हजार यात्री आवागमन करते हैं। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए नए टर्मिनल की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
मल्टीलेवल पार्किंग का काम भी लगभग पूरा
एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना के तहत मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। इससे एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों और उनके परिजनों को वाहनों की पार्किंग में सुविधा मिलेगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू भी पूर्व में वाराणसी दौरे के दौरान देर रात नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण कर चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को 31 दिसंबर तक शेष कार्य पूरा करने के निर्देश दिए थे।
नए टर्मिनल के शुरू होने से वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही काशी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को भी आधुनिक हवाई अड्डे का अनुभव मिलेगा। धार्मिक पर्यटन, व्यापार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काशी की बढ़ती पहचान के लिहाज से यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है।