दो दिन राहत के बाद फिर बदलेगा मौसम, वाराणसी समेत पूर्वांचल में बारिश की संभावना

 

वाराणसी। वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में मौसम का मिजाज फिलहाल शांत नजर आ रहा है। गुरुवार सुबह से दोपहर तक आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही रही और पुरवा हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक बादलों की सक्रियता अपेक्षाकृत कम रहेगी, लेकिन इसके बाद एक बार फिर मानसून सक्रिय होने के आसार हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार के बाद पूर्वांचल में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वातावरण में नमी का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।

गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों को राहत मिली, हालांकि दिन में अधिक आर्द्रता के कारण उमस बनी रही। पुरवा हवाओं के चलने से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नमी बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में बूंदाबांदी और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

बीते 24 घंटों के दौरान वाराणसी का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम है। इस अवधि में न्यूनतम आर्द्रता 70 प्रतिशत और अधिकतम 83 प्रतिशत दर्ज की गई। जिले के कुछ क्षेत्रों में 0.4 मिलीमीटर तक हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक घने बादलों का अभाव रहने से बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी, लेकिन शनिवार के बाद मानसून दोबारा सक्रिय हो सकता है और पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में वर्षा का दौर शुरू होने की संभावना है।