त्योहार बाद महानगरों की वापसी के लिए रेलवे ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें, उधना और बांद्रा का सफर होगा आसान
वाराणसी। दीपावली और छठ पर्व के बाद अपने घरों से कामकाज के लिए महानगरों की ओर लौट रहे यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। छपरा से गुजरात के उधना और महाराष्ट्र के बांद्रा टर्मिनस के लिए चलाई जाने वाली इन ट्रेनों का ठहराव वाराणसी और बनारस स्टेशन पर भी होगा। इससे पूर्वांचल के यात्रियों को महानगरों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों में बढ़ रही भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, गाड़ी संख्या 05115 स्पेशल 24 नवंबर को छपरा से शाम 6:20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन देर रात 1:20 बजे वाराणसी के कैंट स्टेशन पहुंचेगी। यहां निर्धारित ठहराव के बाद उधना के लिए रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05116 स्पेशल 26 नवंबर को उधना से सुबह 10 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 1:35 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी। इसके बाद छपरा के लिए रवाना होगी।
इसी क्रम में छपरा से बांद्रा टर्मिनस के बीच भी विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 05185 स्पेशल 25 नवंबर को छपरा से रात 9 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन देर रात 2:20 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। निर्धारित ठहराव के बाद बांद्रा टर्मिनस के लिए रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05186 स्पेशल 27 नवंबर को बांद्रा टर्मिनस से सुबह 10:45 बजे चलेगी और अगले दिन रात 8:10 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। यहां से ट्रेन छपरा के लिए रवाना होगी।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 09327 स्पेशल 22 नवंबर को मध्य प्रदेश के डॉ. आंबेडकर नगर से शाम 6 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन शाम 4 बजे वाराणसी कैंट स्टेशन होते हुए गोरखपुर पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन का मानना है कि त्योहार के बाद कामगारों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों की वापसी को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन राहतकारी साबित होगा। इससे गुजरात और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।