एमएलसी चुनाव में नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई, मंडलायुक्त ने अधिकारियों को किया सतर्क
वाराणसी। स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर एस. राजलिंगम ने संबंधित अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर निर्वाचन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान के दौरान किसी अनाधिकृत व्यक्ति के वोट डालने या निर्वाचन प्रक्रिया में गड़बड़ी करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंडलायुक्त ने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की पहचान का सही तरीके से सत्यापन किया जाए। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि केवल पात्र मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग करें। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और अन्य जरूरी प्रशासनिक इंतजामों को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें - 24 और 25 अक्टूबर को वाराणसी आएंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नमो घाट पर एयर शो देखने का कार्यक्रम
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा। चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी जिम्मेदारियां निभाएं और मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखें।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि चुनाव को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखना भी जरूरी है। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि मतदान के दौरान नियमों का पालन हो और किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।