बीएचयू परिसर में महिला से अश्लील हरकत करने वाला आरोपित गिरफ्तार, पुलिस टीम पर चलाई गोली

 

वाराणसी। बीएचयू परिसर में महिला के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित ऑटो चालक को लंका पुलिस ने मंगलवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाते समय आरोपित ने एक पुलिसकर्मी को धक्का देकर उसकी सरकारी 9 एमएम पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपित को उपचार के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की पहचान मैनुद्दीन (32) पुत्र औरुद्दीन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का निवासी है और वर्तमान में मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के नरायनपुर में रह रहा था।

महिला की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को एक महिला ने थाना लंका पहुंचकर ऑटो चालक मैनुद्दीन के खिलाफ अश्लील हरकत करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 0583/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी मामले में पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया था।

पेशाब का बहाना बनाकर रुकवाई गाड़ी, पिस्टल छीनकर की फायरिंग

पुलिस का कहना है कि 17 नवंबर को बीएचयू चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी पुलिसकर्मियों के साथ आरोपित को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी दुर्गाकुंड ले जा रहे थे। इस दौरान रविंद्रपुरी-अस्सी नाले के पास आरोपित ने पेशाब करने का बहाना बनाकर वाहन रुकवाने को कहा। वाहन रुकते ही उसने हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार को धक्का देकर उनकी सरकारी 9 एमएम पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से छीनी गई सरकारी पिस्टल, दो खोखा कारतूस और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

दो मुकदमे दर्ज, आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ीं

पुलिस के मुताबिक, इस घटना के संबंध में थाना लंका में मु0अ0सं0 0584/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 304(2), 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 7(b)/27(2) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

आरोपित की गिरफ्तारी करने वाली टीम में लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, बीएचयू चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी, नगवा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नवीन चतुर्वेदी, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल अच्छेलाल, कांस्टेबल रवि यादव और कांस्टेबल रामसुरेश शामिल रहे।