बीएड प्रवेश परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने पहुंची युवती गिरफ्तार, ₹7 हजार में हुआ था सौदा

दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने आई थी युवती, फर्जी दस्तावेजों के जरिए सेंध लगाने की कोशिश नाकाम, परीक्षा माफिया नेटवर्क की जांच शुरू
 
वाराणसी। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के दौरान वाराणसी में परीक्षा धांधली का एक गंभीर मामला सामने आया है। सेवापुरी स्थित कालिकाधाम पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने पहुंची एक युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से परीक्षा में शामिल होने की साजिश का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, कानपुर निवासी अभ्यर्थी श्रेया भारती की जगह बिहार की रहने वाली तनिषा कुमारी परीक्षा देने के लिए केंद्र पर पहुंची थी। आरोप है कि एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और फोटो में हेरफेर कर उसे वास्तविक अभ्यर्थी के रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी की गई थी।

परीक्षा केंद्र पर दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान केंद्र व्यवस्थापक अनिकेश कुमार सिंह को युवती की पहचान को लेकर संदेह हुआ। गहन जांच के बाद मामला संदिग्ध पाए जाने पर युवती को तत्काल कपसेठी पुलिस के हवाले कर दिया गया। केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पूछताछ में गिरफ्तार युवती तनिषा कुमारी ने बताया कि उसकी सहेली प्रीति के माध्यम से रोशन नामक युवक ने उससे संपर्क किया था। रोशन ने उसे फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए और परीक्षा देने के लिए वाराणसी भेजा। इसके बदले उसे 7,000 रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि शेष भुगतान बाद में करने का आश्वासन दिया गया था।

पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। वहीं, इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों और संभावित परीक्षा माफिया नेटवर्क की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में संगठित परीक्षा माफिया नेटवर्क की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।