मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष अभियान 28 और 29 नवंबर को, सभी बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ
वाराणसी। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और उसमें दर्ज त्रुटियों को दुरुस्त कराने के लिए वाराणसी में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत जिले के सभी 3220 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। इस दौरान आलेख्य मतदाता सूची पढ़ने के साथ ही नागरिकों से दावे और आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम, पता, आयु, लिंग और जन्मतिथि में संशोधन कराने के लिए फार्म-8 तथा मतदाता सूची में दर्ज किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 भरकर जमा किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि ऐसे युवा, जिनकी आयु एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है या हो चुकी है, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे भी इस अभियान का लाभ उठा सकते हैं। फार्म-6 के साथ निर्धारित प्रारूप में नवीनतम रंगीन फोटो (4.5×3.5 सेंटीमीटर), आयु और पते के प्रमाण से संबंधित दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा।
अभियान की निगरानी के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सहित पर्यवेक्षकीय अधिकारी विभिन्न बूथों का निरीक्षण करेंगे। ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले बीएलओ के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दोनों दिनों में उन सभी शिक्षण संस्थानों, कार्यालयों और अन्य संस्थानों को खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं, जहां मतदान केंद्र स्थापित हैं।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
मतदाता घर बैठे भी निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in या ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 भरकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें और किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित समय में सुधार कराएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में मतदान के अधिकार से वंचित न होना पड़े।