काशी आए परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता के बाद मां-बेटे की मौत
काशी दर्शन को आया परिवार उजड़ा, पिता की मौत के अगले दिन मां-बेटे के मिले शव
वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में मंगलवार को मां और बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की पहचान महाराष्ट्र के रायगढ़ निवासी जया मुखर्जी (51) और उनके बेटे ईशान मुखर्जी (26) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के सल्फास खाने की बात सामने आई है। पुलिस को कमरे से सल्फास के पैकेट भी मिले हैं। घटना के पीछे एक दिन पहले हुई परिवार के मुखिया विशाल मुखर्जी (56) की मौत को वजह माना जा रहा है। हालांकि, आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ निवासी विशाल मुखर्जी अपनी पत्नी जया और बेटे ईशान के साथ सात अगस्त को काशी दर्शन के लिए वाराणसी आए थे। तीनों ने लक्सा थाना क्षेत्र स्थित वाची होम स्टे में कमरा बुक कराया था। परिवार ने पहले दिन काशी में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद होम स्टे लौट आया।
गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे पिता
बताया जा रहा है कि विशाल मुखर्जी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। रविवार रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। होम स्टे कर्मचारियों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता की मौत के बाद परिवार के अन्य सदस्य होम स्टे में ही ठहरे हुए थे। सोमवार रात मां और बेटे ने कथित तौर पर सल्फास का सेवन कर लिया। मंगलवार को दोनों के कमरे में शव मिलने के बाद होम स्टे में हड़कंप मच गया।
कमरे से मिले सल्फास के पैकेट
घटना की सूचना मिलते ही लक्सा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, कमरे में दोनों के शव के पास सल्फास के पैकेट मिले। दोनों के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए।
काशी जोन के एडीसीपी वैभव बांगर और एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने होम स्टे के मैनेजर और कर्मचारियों से पूछताछ की।
पुलिस ने शुरू की जांच
लक्सा पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस होम स्टे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही कमरे से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पिता की मौत के सदमे में मां और बेटे ने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।