एक महीने बाद पकड़ा गया कैंटोनमेंट में घूम रहा तेंदुआ, पिंजरे में फंसते ही लोगों ने ली राहत की सांस

बंगला नंबर 61 में वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, 45 हजार की आबादी में बनी हुई थी दहशत; स्कूल भी चल रहा था बंद
 

वाराणसी। कैंटोनमेंट क्षेत्र में करीब एक महीने से लोगों के लिए खतरा बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। सोमवार को बंगला नंबर 61 परिसर में लगाए गए पिंजरे में उसके फंसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।

तेंदुए के पकड़े जाने से छावनी क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। पिछले एक महीने से करीब 45 हजार की आबादी में दहशत का माहौल बना हुआ था। सुरक्षा के मद्देनजर सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल भी बंद कर दिया गया था और बच्चों की ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।

 

वन विभाग की टीम पिछले कई दिनों से तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। उसकी लगातार बदलती लोकेशन के कारण उसे पकड़ने में परेशानी आ रही थी। छावनी क्षेत्र में करीब छह किलोमीटर के दायरे में उसकी आवाजाही की जानकारी मिली थी। कई बार तेंदुआ सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी दिखाई दिया था। इसके बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी।

 

पदचिह्न और सीसीटीवी फुटेज से मिली लोकेशन

तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए वन विभाग ने बंगला नंबर 61 और सेंट मैरी स्कूल परिसर में दो बड़े पिंजरे लगाए थे। दोनों पिंजरों में चारे के रूप में बकरियां बांधी गई थीं। वन विभाग की टीम पदचिह्नों और सीसीटीवी फुटेज के जरिए उसकी गतिविधियों का पता लगा रही थी।

जांच में बंगला नंबर 61 के आसपास उसकी आवाजाही अधिक मिलने के बाद वहां लगाए गए पिंजरे में विशेष निगरानी की गई। कई दिनों के इंतजार के बाद सोमवार को तेंदुआ पिंजरे में फंस गया।

डीएफओ निधि चौहान ने बताया कि तेंदुए की लोकेशन लगातार बदल रही थी, इसलिए टीम उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। पदचिह्नों और सीसीटीवी फुटेज से उसकी आवाजाही का क्षेत्र चिह्नित किया गया। इसके बाद पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने की योजना बनाई गई।

स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा

तेंदुए के पिंजरे में कैद होने की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पिंजरे को अपने कब्जे में लेकर तेंदुए की शुरुआती स्वास्थ्य जांच की। अधिकारियों के मुताबिक तेंदुआ स्वस्थ है। उसे प्राकृतिक वास में सुरक्षित छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। हालांकि, उसे किस स्थान पर छोड़ा जाएगा, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

डीएफओ निधि चौहान ने बताया कि तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना शासन को दे दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले को पहले फिशिंग कैट या अन्य वन्यजीव बताकर टालने के आरोपों के संबंध में संबंधित रेंजर और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

तेंदुए के पकड़े जाने के बाद कैंटोनमेंट क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। करीब एक महीने से जारी निगरानी और रेस्क्यू अभियान के बाद अब लोगों को स्कूल और सामान्य गतिविधियां फिर से शुरू होने की उम्मीद है।