वाराणसी में चीनी मांझे ने ली साड़ी कारोबारी की जान, कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर बाइक सवार की गर्दन कटी
वाराणसी। शहर में प्रतिबंधित चीनी मांझे का खतरा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। जैतपुरा थाना क्षेत्र के कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर रविवार सुबह बाइक से जा रहे साड़ी कारोबारी सुनील कुमार गुजराती (55) की गर्दन चीनी मांझे की चपेट में आने से कट गई। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को स्थानीय लोग मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार गुजराती आशापुर स्थित अपने घर से चौखंभा के गोपाल मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर अचानक उनके गले में चीनी मांझा उलझ गया। मांझे से गर्दन कटने के कारण वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उनकी गर्दन से तेजी से खून बहने लगा।
राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के समय ओवरब्रिज से गुजर रहे लोगों ने घायल कारोबारी को सड़क पर तड़पते देखा। प्रत्यक्षदर्शियों ने अन्य राहगीरों की मदद से उन्हें तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलने पर जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुनील के छोटे भाई सुशील कुमार के अनुसार, सुनील साड़ी का कारोबार करते थे और परिवार के साथ आशापुर में रहते थे। उनके बेटे यश की तबीयत पिछले दो दिनों से खराब थी। रविवार सुबह वह गोपाल मंदिर में दर्शन करने गए थे। घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
ओवरब्रिज पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा
कज्जाकपुरा, सरैया, जलालीपुरा, मढ़िया, अमरपुर बटलोहिया और पुरानापुल जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पतंगबाजी होती है। ऐसे में हवा में उड़ता या टूटकर सड़क पर लटकता मांझा दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। खासकर फ्लाईओवर से गुजरते समय वाहन चालकों को अचानक मांझे की चपेट में आने पर संभलने का मौका नहीं मिल पाता।
प्रतिबंध के बावजूद चीनी मांझे की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर लगातार चिंता जताई जाती रही है। कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर हुई इस घटना ने एक बार फिर इसकी रोकथाम और प्रभावी निगरानी की जरूरत को उजागर किया है। लोगों की मांग है कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह के हादसों को रोका जा सके।