नेपाली माता भगवती धाम में 51वें श्री शतचण्डी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

 

वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के छीतमपुर स्थित प्रसिद्ध नेपाली माता भगवती धाम में 51वें श्री शतचण्डी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।

कलश यात्रा नेपाली माता भगवती धाम से प्रारंभ होकर ढकवा स्थित श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर के गंगा तट तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने गंगाजल भरकर कलश पूजन किया। इसके बाद शोभायात्रा के रूप में कलशों को पुनः मंदिर परिसर लाकर विधिवत स्थापना एवं पूजन संपन्न कराया गया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र जयकारों और भजन-कीर्तन से गूंजता रहा।

 

 

आयोजन समिति के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान 30 जून तक चलेगा। प्रतिदिन सायं 4 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें श्रीधाम वृंदावन के योगी राममुनि जी महाराज श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। वहीं महायज्ञ का संचालन श्रीधाम अयोध्या के राजेन्द्रानन्द जी महाराज के निर्देशन में किया जाएगा। कार्यक्रम में करशलालय धाम जौनपुर के श्री श्री 1008 श्री मोदी गिरि नागा बाबा का विशेष सानिध्य भी प्राप्त होगा।

आयोजन के तहत 24 जून को अरणि मंथन, प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक यज्ञ-हवन तथा 29 जून को पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात 30 जून को 64 गांवों के श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने तथा महायज्ञ में सहयोग करने की अपील की है।