15वां अन्तर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के उपलक्ष्य में 500 विधवा माताओं को किया गया सम्मानित
वाराणसी। अन्तर्राष्ट्रीय विधवा दिवस के अवसर पर रविवार, 29 जून को अजगरा विधानसभा क्षेत्र के डालिम्स सनबीम स्कूल, चौबेपुर में विधवा माताओं एवं बहनों के लिए एक भव्य और गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन द लुम्बा फाउंडेशन के मार्गदर्शन तथा अमरावती वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र की 500 विधवा माताओं को अंगवस्त्र (साड़ी) भेंट कर सम्मानित किया गया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य विधवा महिलाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित करना तथा उनके आत्मसम्मान को मजबूती देना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के अजगरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिभुवन राम ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान समाज को जागरूक करने का माध्यम है
अहिल्याबाई होल्कर ने विधवा माताओं को सम्मान दिलाने की दिशा में कार्य किया, वहीं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने महिलाओं को अधिकारों की भागीदारी दी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिलाओं को 33% आरक्षण देना इसी दूरदर्शी सोच का प्रतीक है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित काशी प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने आयोजन को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अनुकरणीय बताया और कहा कि इससे अन्य संस्थाएं भी प्रेरणा लेंगी।
विशिष्ट अतिथि एमएलसी व भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों को सम्मान मिल रहा है और यह आयोजन विधवा महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने की दिशा में एक सशक्त कदम है। इस अवसर पर संस्था से पूर्व में प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वावलंबी बनीं महिलाओं को भी पुनः सम्मानित किया गया, जिससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई।
कार्यक्रम का कुशल संचालन युवा समाजसेवी श्रीजन चतुर्वेदी ने किया। आयोजन में क्षेत्र की लगभग 500 महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लेकर समारोह की गरिमा को और बढ़ाया। कार्यक्रम में किसान मोर्चा अध्यक्ष राम प्रकाश सिंह वीरु, उपाध्याय जित्तू सिंह, जय प्रकाश पाण्डेय, लक्ष्मण सिंह, डॉ. वीर बहादुर सिंह, संस्था की अध्यक्ष शारदा चतुर्वेदी, सीता मिश्रा, विनोद चतुर्वेदी सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।