भारत विकास परिषद के हेल्थ चेकअप शिविर में 50 सदस्य परिवारों ने उठाया लाभ, स्वास्थ्य प्रबंधन के दिए गए सुझाव
डॉ. संजीव अग्रवाल ने दी स्वास्थ्य प्रबंधन की जानकारी, संतुलित खानपान और नियमित व्यायाम अपनाने की सलाह
वाराणसी। भारत विकास परिषद, काशी शाखा की ओर से शनिवार को गुरुधाम कॉलोनी स्थित मेगास्टार क्लिनिक में निःशुल्क हेल्थ चेकअप एवं हेल्थ प्लानिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. संजीव अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में परिषद के लगभग 50 सदस्य परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं एवं विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें अपनी सेहत की वर्तमान स्थिति के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उम्र और जीवनशैली के अनुरूप स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और बेहतर दिनचर्या अपनाने के संबंध में आवश्यक सुझाव दिए गए। चिकित्सकों ने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह भी दी।
डॉ. संजीव अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान व्यस्त जीवनशैली में लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करते हैं। स्वस्थ रहने के लिए बीमारी का इंतजार करने के बजाय नियमित जांच, संतुलित आहार, व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। समय रहते बरती गई सावधानी से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।
शाखा अध्यक्ष सौरभ जैन ने कहा कि भारत विकास परिषद की सेवा भावना केवल सामाजिक कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि परिषद परिवार के प्रत्येक सदस्य के सुख, स्वास्थ्य और खुशहाली की चिंता करना भी इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आर्थिक समृद्धि का वास्तविक महत्व तभी है, जब व्यक्ति स्वस्थ रहकर अपने परिवार के साथ जीवन का आनंद ले सके।
कार्यक्रम के माध्यम से सदस्यों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला होता है।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद काशी प्रांत के अध्यक्ष हरीश वालिया, शाखा अध्यक्ष सौरभ जैन, सचिव डॉ. अमित कुमार सिंह, महिला संयोजिका संगीता रस्तोगी एवं भा. जीवन खन्ना सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजन में शशिबाला शाह एवं अनीता भालोटिया का विशेष सहयोग रहा।