वाराणसी में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में 45 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार

 

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के चौक थाना पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक 45 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुलारे अंसारी पुत्र स्वर्गीय रहमतुल्लाह, निवासी देवलीगली, थाना दशाश्वमेध, वाराणसी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के परिजन ने चौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उसी दिन दोपहर करीब तीन बजे छोटी पियरी स्थित सुलभ शौचालय के बाथरूम में ले जाकर आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 11 अक्टूबर को रात करीब आठ बजे पियरी चौकी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

इस मामले में चौक थाने पर मुकदमा अपराध संख्या 165/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट तथा एससी-एसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, पियरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास कुमार मिश्रा तथा कांस्टेबल मनोज कुमार सिंह और किशन शर्मा शामिल रहे।