अखबार में लपेटकर शरीर से चिपकाई शराब, फिर बिहार पहुंचाने की तैयारी, 18 महिलाओं समेत 33 तस्कर गिरफ्तार

चंदौली के बंद पड़े रेस्टोरेंट में चल रहा था शराब पैकिंग का खेल, 520 लीटर से अधिक शराब और वाहन बरामद; पुलिस की छापेमारी में खुला अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क
 

चंदौली। बिहार में शराबबंदी के बावजूद वहां अवैध शराब पहुंचाने के लिए तस्करों ने ऐसा तरीका अपनाया था, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। शराब की बोतलों को पहले अखबार में लपेटा जाता था, फिर पारदर्शी टेप से पैक कर शरीर पर चिपका दिया जाता था। महिलाएं पर्स, सूटकेस और कपड़ों के बीच बोतलें छिपाकर ले जाती थीं, जबकि पुरुष पिट्ठू बैग और अन्य थैलों का इस्तेमाल करते थे। चंदौली कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए 18 महिलाओं समेत 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने चंदौली कस्बे के वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े एक रेस्टोरेंट में छापेमारी कर 520.7 लीटर अवैध शराब बरामद की। मौके से विभिन्न ब्रांड की 2,234 बोतलें, टेट्रा पैक और पाउच मिले। इसके अलावा शराब बिक्री के 37,690 रुपये नकद, एक टेंपो, दो मोटरसाइकिल और एक मोपेड भी जब्त की गई।
 

प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह मंगलवार को पुलिस टीम के साथ सकलडीहा तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक बाइक मोड़कर भाग निकला, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति फिसलकर गिर गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान बिहार के वैशाली जिले के सुमंत कुमार के रूप में हुई।

तलाशी लेने पर उसके पिट्ठू बैग से शराब बरामद हुई। पूछताछ में उसने वार्ड नंबर पांच स्थित बंद पड़े चंदौली रेस्टोरेंट में शराब की बड़ी खेप रखे होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर दबिश दी।
सीढ़ियों के नीचे बने दरवाजे से होती थी आवाजाही

 

पुलिस के मुताबिक, रेस्टोरेंट के अंदर सीढ़ियों के नीचे एक दरवाजा बना था, जिससे आने-जाने की व्यवस्था की गई थी। पुलिस जब अंदर पहुंची तो कम रोशनी में बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शराब की बोतलों की पैकिंग करते मिले। टीम ने घेराबंदी कर मौके से 33 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि शराब की बोतलों को अखबार में लपेटकर टेप से पैक किया जाता था। इसके बाद अलग-अलग लोगों के जरिए छोटी-छोटी खेप बिहार भेजी जाती थी। महिलाओं के शरीर पर भी टेप की मदद से बोतलें चिपकाई जाती थीं, ताकि तलाशी के दौरान पुलिस को शक न हो।
ट्रेन, बस और निजी वाहनों से बिहार भेजते थे खेप
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि रेस्टोरेंट को शराब जमा करने और उसकी पैकिंग के ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां से शराब को ट्रेनों, बसों और निजी वाहनों के माध्यम से बिहार के अलग-अलग इलाकों में भेजा जाता था। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस मामले में रेस्टोरेंट मालिक और शराब ठेके से जुड़े संतोष गुप्ता की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। पुलिस ने रेस्टोरेंट के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी है।
 

चंदौली के तीन और बिहार के 30 आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में चंदौली जिले के रोहित कुमार निवासी बसिला, धर्मेंद्र खरवार निवासी फगुईया और सन्नी गुप्ता निवासी दिघवट शामिल हैं। शेष 30 आरोपी बिहार के पटना, वैशाली, नालंदा, सासाराम, गया, जहानाबाद और रोहतास समेत विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं। गिरफ्तार लोगों में 18 महिलाएं भी शामिल हैं।

 

पहले भी पकड़ी जा चुकी हैं महिला तस्कर
पीडीडीयू जंक्शन और आसपास के इलाकों से बिहार शराब भेजने के मामलों में महिलाओं की संलिप्तता पहले भी सामने आ चुकी है। इसी साल 16 फरवरी को आरपीएफ और अलीनगर पुलिस ने लोको कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के पास से 20.4 लीटर शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें बिहार के औरंगाबाद की संध्या देवी भी शामिल थी।

वहीं, 10 अगस्त को अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला समेत चार लोग पकड़े गए थे। उनके कब्जे से 38 लीटर शराब बरामद हुई थी। ताजा कार्रवाई में 18 महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद शराब तस्करी के नेटवर्क में महिलाओं के इस्तेमाल का मामला एक बार फिर सामने आया है।

सीओ सदर नामेंद्र रावत ने बताया कि शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 महिलाओं समेत 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब बिहार भेजने की तैयारी थी। सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।