वाराणसी में रेलवे स्टेशन-बस अड्डा मार्ग पर 24 घंटे संचालित पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ

 

यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को मिलेगा नया संबल, सीपी मोहित अग्रवाल ने किया उद्घाटन

वाराणसी। यात्रियों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन और बस अड्डे के मध्य एक नए पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इस सहायता केंद्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह पहल विशेष रूप से रात के समय यात्रा करने वाले लोगों को सुरक्षा और सहायता प्रदान करने के लिए की गई है।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि रेलवे स्टेशन और बस अड्डे को जोड़ने वाला यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु और यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में इस स्थान पर पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएगी।

उन्होंने कहा कि यह सहायता केंद्र 24 घंटे सक्रिय रहेगा और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। केंद्र के माध्यम से यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत निगरानी रखी जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की जाएगी। इसके साथ ही प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनकी मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की असामाजिक अथवा आपराधिक गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मोहित अग्रवाल ने बताया कि शहर में पहले से संचालित पिंक बूथों का भी आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इन बूथों को अधिक प्रभावी और सुविधायुक्त बनाकर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नए सहायता केंद्र के संचालन से यात्रियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षा का बेहतर माहौल मिलेगा तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।