पिंडरा में बनेगा जर्मनी की तर्ज पर टेक्नोलॉजी सेंटर, सरकार मुफ्त देगी 12 एकड़ जमीन

 वाराणसी के पिंडरा में जर्मनी की तर्ज पर टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने की तैयारी है। इसके लिए प्रदेश सरकार 12 एकड़ जमीन निशुल्क देगी। केंद्र से पूर्वांचल के युवाओं और एमएसएमई उद्यमों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
 

वाराणसी। पूर्वांचल के औद्योगिक विकास और युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण से जोड़ने की दिशा में पिंडरा में टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने की तैयारी है। जर्मनी की तर्ज पर विकसित होने वाले इस केंद्र के लिए प्रदेश सरकार 12 एकड़ भूमि निशुल्क उपलब्ध कराएगी। केंद्र सरकार की योजना के तहत देशभर में 20 टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित किए जाने हैं, जिनमें वाराणसी का केंद्र भी शामिल होगा।

इस परियोजना के लिए पिंडरा तहसील के पिंडरा गांव में भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। गांव की आराजी संख्या 3957 की कुल 17.563 हेक्टेयर भूमि में से 4.856 हेक्टेयर भूमि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय को निशुल्क हस्तांतरित की जाएगी। यह जमीन राज्य सरकार की ओर से भारमुक्त उपलब्ध कराई जाएगी।

टेक्नोलॉजी सेंटर की स्थापना हब-एंड-स्पोक मॉडल पर की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत उद्योगों को आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी उत्पादन क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और लाभप्रदता बढ़ाने पर जोर रहेगा। खासतौर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की योजना है।

इस केंद्र के शुरू होने से वाराणसी सहित पूर्वांचल के युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है। वहीं, स्थानीय उद्योगों और छोटे उद्यमों को आधुनिक तकनीक तथा विशेषज्ञ सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील की ओर से जारी प्रेस नोट में भूमि हस्तांतरण और प्रस्तावित टेक्नोलॉजी सेंटर के उद्देश्यों की जानकारी दी गई है।

परियोजना के लिए राज्य सरकार की ओर से भूमि निशुल्क उपलब्ध कराए जाने का प्रस्ताव है, जिससे इस मद में प्रदेश सरकार पर अतिरिक्त व्यय भार नहीं पड़ेगा।