अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पिण्डरा में भव्य आयोजन, विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने किया योगाभ्यास

वाराणसी के पिण्डरा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने योगाभ्यास कर लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
 

 

 

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पिण्डरा स्थित नेशनल इंटर कॉलेज परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रातःकाल आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों योग साधकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पिण्डरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने योगाचार्य देव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

सुबह छह बजे से प्रारंभ हुए कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं शिथिलीकरण अभ्यास के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, पद्मासन, वृक्षासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासन एवं कपालभाति, अनुलोम-विलोम समेत कई प्राणायामों का अभ्यास किया। योगाचार्य देव कुमार गुप्ता ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित अभ्यास के लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा, खंड विकास अधिकारी देवेन्द्र सिंह, थानाध्यक्ष राजीव सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह, डॉ. जे.पी. दुबे, मंडल अध्यक्ष अशोक गौतम, सुनील दत्त वर्मा, आशीष प्रकाश सिंह, बसंत उपाध्याय, अवधेश सिंह ‘गुल्लू’, अजय पटेल, झगड़ू मिश्रा, रमेश जायसवाल, अतुल रावत बेलवां, प्रधान जे.पी. पाल, धनंजय सिंह, संतोष सिंह, रामू गुप्ता, संदीप राय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, निरोग एवं जागरूक समाज के निर्माण के संकल्प के साथ किया गया। उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया।