डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण की मिसाल: केशव प्रसाद मौर्य
गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को गौतमबुद्धनगर के ग्राम कनारसी में महान स्वतंत्रता सेनानी, संविधान सभा के सदस्य एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की 117वीं जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने डॉ. कुम्हार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षपूर्ण जीवन तथा राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का जीवन देशभक्ति, त्याग, संघर्ष और सामाजिक प्रतिबद्धता की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आजादी के बाद संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया में भी अपना योगदान दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
मौर्य ने कहा कि अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष के दौरान डॉ. कुम्हार ने अनेक कठिनाइयों और यातनाओं का सामना किया, लेकिन अपने संकल्प से कभी पीछे नहीं हटे। स्वतंत्रता के बाद उन्होंने संविधान सभा के सदस्य के रूप में लोकतांत्रिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. भीमराव आंबेडकर के साथ संविधान के अंतिम मसौदे पर हस्ताक्षर करने वाले सदस्यों में उनका नाम विशेष सम्मान के साथ लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. रत्नप्पा कुम्हार का योगदान केवल स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण तक सीमित नहीं था। सहकारिता आंदोलन और ग्रामीण विकास के माध्यम से उन्होंने समाज को स्वावलंबन तथा सामूहिक आर्थिक उन्नति का संदेश दिया। उनका जीवन बताता है कि संगठित प्रयासों और सामूहिक सहभागिता से समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है।
उप मुख्यमंत्री ने प्रजापति समाज की गौरवशाली परंपरा और पारंपरिक कौशल की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज के हाथों में मिट्टी को आकार देने का हुनर ही नहीं, बल्कि देश का भविष्य संवारने का सामर्थ्य भी है। मेहनत, सृजनशीलता और उद्यमशीलता के बल पर प्रजापति समाज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समाज की प्रतिभा को उचित सम्मान और अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र के साथ सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रही है। डबल इंजन सरकार गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सामूहिक सहभागिता से ही विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मौर्य ने कहा कि महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाना है। नई पीढ़ी को डॉ. रत्नप्पा कुम्हार के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, सामाजिक सद्भाव, परिश्रम, स्वावलंबन और संविधान के प्रति सम्मान की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्रजापति, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार, भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, विधायकगण, संतगण, ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समय सिंह सैनी सहित राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।