यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत एमडीआर के विरोध में व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

 

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल मिर्जापुर के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने गुरुवार को वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं नगर अध्यक्ष शत्रुघ्न केशरी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचकर यूपीआई लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) के विरोध में प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने केंद्र सरकार से इस प्रस्ताव को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए वित्त मंत्री भारत सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे संगम लाल को सौंपा।

व्यापारियों ने कहा कि यूपीआई डिजिटल भुगतान व्यवस्था का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। ऐसे में व्यापारियों से यूपीआई भुगतान पर एमडीआर वसूले जाने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तावित व्यवस्था का विरोध करते हुए सरकार से इस संबंध में तत्काल पुनर्विचार करने की मांग की।

वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष शत्रुघ्न केशरी ने कहा कि व्यापार मंडल यूपीआई भुगतान पर व्यापारियों से 0.4 प्रतिशत एमडीआर काटे जाने के प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का व्यापारी इस प्रकार के अतिरिक्त शुल्क को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने प्रस्ताव वापस नहीं लिया तो व्यापारियों के हित में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

जिला अध्यक्ष शिव मुंद्रा ने कहा कि यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर लगाया जाना व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल इस निर्णय को स्वीकार नहीं करेगा और सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग करता है। मांग पूरी नहीं होने पर संगठन की ओर से शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने की बात कही गई।

ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष शत्रुघ्न केशरी, जिला अध्यक्ष शिव मुंद्रा, महिला जिला कोषाध्यक्ष कुसुम गुप्ता, युवा अध्यक्ष अमन दुबे, दवा व्यापार संघ अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी, संजय गुप्ता, नगर महामंत्री जयप्रकाश सेठ, नगर उपाध्यक्ष नयन जायसवाल, नगर मंत्री अंकित अग्रहरि, अंकुर श्रीवास्तव, सुधीर सिंघानिया, ध्रुव अग्रवाल, अनूप कुमार गुप्ता, प्रहलाद गुप्ता सहित अन्य व्यापारी शामिल रहे।