सम्पूर्ण समाधान दिवस: मीरजापुर की सभी तहसीलों में सुनी गईं जनसमस्याएं, अधिकारियों ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

 

मीरजापुर। शासन के निर्देशानुसार रविवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील लालगंज में मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) पूनम ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं, जबकि तहसील सदर में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने जनसुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील लालगंज में मण्डलायुक्त के समक्ष कुल 57 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ तय समय में निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, चकरोड और अवैध कब्जे जैसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे।

वहीं तहसील सदर में जिलाधिकारी के समक्ष 200 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से 23 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि पीड़ित को वास्तविक न्याय मिले। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीन संबंधी मामलों में पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीम स्थल निरीक्षण कर दोनों पक्षों की मौजूदगी में निष्पक्ष सुनवाई करे। गलत रिपोर्ट देने वाले लेखपाल एवं कानूनगो के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण से पहले शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसकी समस्या को विस्तार से समझने और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। तहसील चुनार में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) विनोद कुमार सिंह के समक्ष 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का निस्तारण किया गया। वहीं तहसील मड़िहान में अपर जिलाधिकारी (भू./रा.) देवेन्द्र प्रताप सिंह ने 75 प्रार्थना पत्रों में से 10 मामलों का मौके पर निस्तारण किया।

तहसील सदर में उप जिलाधिकारी महेंद्र सिंह, तहसीलदार दीक्षा पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।