नए कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण की तैयारियां तेज, विशेष सचिव ने लिया जायजा
मीरजापुर। उत्तर प्रदेश शासन के राजस्व विभाग की विशेष सचिव दिव्या मित्तल ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन विश्वविख्यात मां विंध्यवासिनी धाम, विंध्याचल में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर चंदईपुर में प्रस्तावित नवीन कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में विशेष सचिव ने प्रस्तावित भूमि की उपलब्धता, राजस्व अभिलेख, पहुंच मार्ग, आधारभूत सुविधाएं, तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं सहित निर्माण कार्य से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप नवीन कलेक्ट्रेट निर्माण की प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
दिव्या मित्तल ने कहा कि परियोजना से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख एवं औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा करते हुए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपद को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन कलेक्ट्रेट भवन जल्द उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर की स्थिति तथा चंदईपुर में प्रस्तावित नवीन कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। विशेष सचिव ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (भू./रा.) देवेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विजेता, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।