पुलिस झंडा दिवस पर एसपी ने किया ध्वजारोहण, पुलिसकर्मियों को दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संदेश
मीरजापुर। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पुलिस ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्राधिकारी चुनार गायत्री यादव द्वारा पुलिस अधीक्षक का स्वागत करते हुए उनकी बाईं जेब के ऊपर पुलिस ध्वज का प्रतीक चिह्न (स्टीकर) लगाकर की गई। इसके बाद एसपी ने क्वार्टर गार्द पर पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी और पुलिसकर्मियों को संबोधित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ध्वज पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने देश सेवा एवं जनसेवा के क्षेत्र में अपने कौशल, शौर्य और कर्तव्यपरायणता से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह ध्वज सभी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और इसे देखकर प्रत्येक जवान में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार होता है।
उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस कलर एवं ध्वज प्रदान किया था। उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला राज्य पुलिस बल है, जिसे यह सम्मान प्राप्त हुआ। इसी दिन प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी) को भी ध्वज प्रदान किया गया था। तभी से प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
पुलिस ध्वज के स्वरूप की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इसका आकार चार फीट लंबा और तीन फीट चौड़ा है। इसमें ऊपर लाल और नीचे नीले रंग की पट्टियां होती हैं। एसपी ने इस दौरान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भेजे गए शुभकामना संदेश को भी साझा किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी लालगंज, क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।