मांगें पूरी न होने पर पैरावेट पशुमित्रों का आंदोलन, 5 अगस्त से भूख हड़ताल की चेतावनी

 4 अगस्त तक मांग पूरी नहीं हुई तो लखनऊ कूच करेंगे पैरावेट पशुमित्र
 
 मांगें पूरी न होने पर पैरावेट पशुमित्रों का आंदोलन, 5 अगस्त से भूख हड़ताल की चेतावनी

मीरजापुर। नियमित मानदेय की मांग को लेकर ऑल पैरावेट पशुमित्र मैत्री कार्यकर्ता सेवा समिति संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन तेज कर दिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि शासन स्तर पर सकारात्मक निर्णय होने तक एफएमडी (फुट एंड माउथ डिजीज) टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा।

जिलाध्यक्ष विजय चंद्र मौर्य के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के पैरावेट पशुमित्र, लेमैन इन्सीमीनेटर एवं मैत्री कार्यकर्ता पिछले कई वर्षों से नियमित मानदेय की मांग कर रहे हैं। संगठन का कहना है कि मंत्री स्तर पर नियमित मानदेय दिए जाने का आश्वासन भी मिला था। इसके बाद प्रमुख सचिव के निर्देश पर पशुपालन विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई बार ज्ञापन सौंपने और पत्राचार करने के बावजूद शासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कार्यकर्ताओं में व्यापक असंतोष व्याप्त है। इसी के विरोध में संगठन ने 23 जुलाई से एफएमडी टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्य का बहिष्कार शुरू करने का निर्णय लिया है।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि 4 अगस्त 2026 तक नियमित मानदेय के संबंध में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 5 अगस्त को प्रदेशभर के पैरावेट पशुमित्र, लेमैन इन्सीमीनेटर एवं मैत्री कार्यकर्ता लखनऊ में पशुपालन निदेशालय से विधानसभा तक पदयात्रा निकालेंगे। इसके उपरांत जीपीओ पार्क में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।