32.5 किलो गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त वाहन बरामद
मीरजापुर/अहरौरा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अहरौरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के ग्राम लतीफपुर स्थित वनस्थली विद्यालय के पास एक चार पहिया वाहन से 32 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से वाहन सवार एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध की रोकथाम और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में अहरौरा पुलिस टीम को 8 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक चार पहिया वाहन में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अहरौरा थाना क्षेत्र के ग्राम लतीफपुर स्थित वनस्थली विद्यालय के पास घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध चार पहिया वाहन संख्या UP 32 JB 7185 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया 32 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने वाहन सवार अभिनन्दन प्रजापति (25 वर्ष) पुत्र संतोष प्रजापति, निवासी खारी जैयपार, थाना शिवपुर, जनपद वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के संबंध में थाना अहरौरा में मु0अ0सं0-207/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त चार पहिया वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह के साथ थाना अहरौरा की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।