नशा मुक्त भारत के संदेश से गूंजा मीरजापुर, युवाओं ने प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा

 

मीरजापुर। नशा मुक्त समाज और विकसित भारत के संकल्प को लेकर मीरजापुर में युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत (माई भारत), मीरजापुर के संयुक्त तत्वावधान में जी.डी. बिनानी पी.जी. कॉलेज में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” थीम पर जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ही अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जी.डी. बिनानी पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर अशोक कुमार सिंह ने की। ब्रह्मकुमारीज़, मीरजापुर की बहन बिन्दु दीदी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।

प्रतियोगिताओं में लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, माइम एक्ट, चित्रकला, वाद-विवाद, रील्स एवं शॉर्ट फिल्म मेकिंग, स्लोगन लेखन और स्लैम काव्य सहित कई विधाएं शामिल रहीं। युवाओं ने नशा मुक्ति का संदेश अपनी कला और अभिव्यक्ति के जरिए प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिताओं के परिणामों में भाषण प्रतियोगिता में प्रियंका राय ने प्रथम, अन्या कसेरा ने द्वितीय और अदिति तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लोगन लेखन में ज्योति गौर प्रथम, निशा गौर द्वितीय और राधिका सोनकर तृतीय रहीं। स्लैम काव्य में शांति निषाद ने पहला, अनियल कुमारी ने दूसरा और साक्षी पाल ने तीसरा स्थान हासिल किया।

रील्स मेकिंग प्रतियोगिता में शिवम् प्रजापति प्रथम, रिंकेश द्वितीय और दीपचंद तृतीय रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में सौम्या सोनी ने प्रथम, अरविंद कुमार ने द्वितीय और अजय कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं वाद-विवाद प्रतियोगिता में सीता ने प्रथम और सुनैना ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब मीरजापुर का प्रतिनिधित्व करते हुए लखनऊ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयंसेवकों संजू सिंह, डॉ. शिवशंकर, शिवम् प्रजापति और रंगीले कुमार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और स्वयंसेवकों का आभार जताया गया। साथ ही युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।