Mirzapur Prince murder case: मिर्जापुर अपहरण-हत्याकांड में पुलिस विभाग पर गिरी गाज, विंध्याचल थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, दो पुलिसकर्मी निलंबित

Mirzapur prince hatyakand: मिर्जापुर बालक अपहरण-हत्याकांड में एसपी का बड़ा एक्शन, विंध्याचल थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

 

मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 12 वर्षीय बालक प्रिंस के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने सख्त कार्रवाई की है। घटना में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद विंध्याचल थानाध्यक्ष अजित सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, गैपुरा चौकी प्रभारी विजय शंकर राय और हल्का प्रभारी राघवेंद्र राय को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले में तीन थानाध्यक्षों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।

 

पुलिस के अनुसार, सेमरी गांव निवासी 12 वर्षीय प्रिंस का सोमवार शाम बाइक सिखाने के बहाने अपहरण कर लिया गया था। आरोप है कि गांव के ही पिंटू ने बालक को अपने साथ ले जाने के बाद लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियारा फाल स्थित जंगल में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

 

छानबीन के दौरान पुलिस की आरोपी से कुशियारा फाल के जंगल में मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर जंगल से बालक का शव बरामद किया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्रवाई की। विंध्याचल थानाध्यक्ष अजित सिंह को लाइन हाजिर करने के साथ गैपुरा चौकी प्रभारी और हल्का प्रभारी को निलंबित कर दिया गया।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत जिगना थानाध्यक्ष को विंध्याचल थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पड़री थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह को जिगना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नरायनपुर चौकी प्रभारी महेंद्र को पड़री थाने की कमान दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल है। नाबालिग के अपहरण और हत्या जैसे गंभीर मामले में पुलिस अधीक्षक की ओर से की गई कार्रवाई को विभागीय जवाबदेही तय करने के कदम के तौर पर देखा जा रहा है।