मिर्जापुर में सनसनीखेज वारदात! 50 लाख के लिए रची खौफनाक साजिश, पहले अपहरण फिर कत्ल और उसके बाद फिरौती! 

बाइक चलाना सिखाने के बहाने बालक को ले गया था आरोपी, फिरौती के लिए परिवार से मांगे 50 लाख रुपये; पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, लापरवाही के आरोप में गैपुरा चौकी प्रभारी और हल्का प्रभारी निलंबित।

 

मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में 12 वर्षीय प्रिंस बिंद के अपहरण और हत्या के मामले में कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस के अनुसार, बालक का अपहरण 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए किया गया था। आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र ने बाइक चलाना सिखाने का झांसा देकर उसे अपने साथ लिया और कुशियरा जंगल में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी।

इसके बाद परिवार से फोन पर फिरौती मांगी। बुधवार सुबह पुलिस ने लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा जंगल के पास मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर बालक का शव बरामद किया गया।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे पर जाम लगा दिया। मामले में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने गैपुरा चौकी प्रभारी विजय शंकर राय और हल्का प्रभारी राघवेंद्र राय को निलंबित कर दिया है।

 

यह भी पढ़ें- मिर्जापुर अपहरण-हत्याकांड में पुलिस विभाग पर गिरी गाज, विंध्याचल थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, दो पुलिसकर्मी निलंबित

बाइक सिखाने के बहाने ले गया था आरोपी

सेमरी गांव निवासी केशव प्रसाद बिंद घर के पास मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर चाय-पान और नाश्ते की दुकान चलाते हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र पिछले चार-पांच दिनों से उनकी दुकान पर आ रहा था और परिवार से मेलजोल बढ़ा रहा था। सोमवार शाम करीब चार बजे वह केशव प्रसाद के 12 वर्षीय इकलौते बेटे प्रिंस को बाइक चलाना सिखाने का लालच देकर अपने साथ ले गया।

देर शाम तक प्रिंस घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि परिवार ने रात में गैपुरा चौकी पर भी जाकर जानकारी दी थी। बाद में तहरीर मिलने पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की।

 

50 लाख रुपये की मांगी फिरौती

परिजनों के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई। मंगलवार सुबह प्रिंस के मामा आदित्य से आरोपी की बात हुई, जिसमें उसने बालक को छोड़ने के बदले 50 लाख रुपये की मांग की। परिवार फिरौती की रकम लेकर रामनगर सिरसा भी पहुंचा, लेकिन आरोपी वहां नहीं आया।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार के नेतृत्व में तीन टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने मोबाइल नंबर और सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।

कुशियरा जंगल में मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह विजयपुर से लालगंज जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान आरोपी पिंटू दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह बाइक लेकर कुशियरा जंगल की ओर भाग गया। कुछ दूरी पर बाइक छोड़कर जंगल में घुस गया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने प्रिंस का अपहरण पैसे के लिए किया था, लेकिन बालक घर जाने की जिद करने लगा और रोने लगा तो उसने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, अपहरण के करीब दो घंटे बाद ही आरोपी ने कुशियरा जंगल में गमछे से गला दबाकर प्रिंस की जान ले ली थी। इसके बाद वह फिरौती मांगने लगा। बुधवार को शव को ठिकाने लगाने की कोशिश के दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, दो खोखे और बाइक बरामद की गई है।

आरोपी पर दर्ज हैं 17 आपराधिक मुकदमे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मिर्जापुर, प्रयागराज और रायबरेली के विभिन्न थानों में कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, हत्या के प्रयास, लूट, धोखाधड़ी, मारपीट, आयुध अधिनियम, एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2004 से 2026 के बीच उसके खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज हुए हैं।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप, सवा चार घंटे हाईवे जाम

प्रिंस की हत्या की खबर मिलते ही सेमरी गांव में आक्रोश फैल गया। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे परिजनों और ग्रामीणों ने मिर्जापुर-प्रयागराज मार्ग पर जाम लगा दिया। विजयपुर-भारतगंज मार्ग पर भी आवागमन बाधित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अपहरण की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने समय रहते गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना था कि यदि तत्काल कार्रवाई होती तो प्रिंस की जान बचाई जा सकती थी।

मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। करीब सवा चार घंटे बाद पुलिस ने जाम समाप्त कराया। इस दौरान मृतक की बुआ कविता देवी भी गम में कई बार बेहोश हो गईं।

परिजनों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने और कथित रूप से साजिश में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई। हालांकि, इन आरोपों की जांच और पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस अधीक्षक ने दो पुलिसकर्मियों को किया निलंबित

परिजनों की ओर से पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने मामले की जानकारी ली। उन्होंने गैपुरा चौकी प्रभारी विजय शंकर राय और हल्का तीन प्रभारी राघवेंद्र राय को निलंबित कर दिया। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, अपहरण की सूचना और बाद की कार्रवाई में लापरवाही सामने आने पर यह कदम उठाया गया।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ अंतिम संस्कार

पोस्टमार्टम हाउस में दो चिकित्सकों के पैनल और वीडियोग्राफी की निगरानी में प्रिंस का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद कड़ी पुलिस सुरक्षा में शव परिजनों को सौंपा गया। शिवपुर स्थित रामगया घाट पर पिता केशव प्रसाद ने बेटे को मुखाग्नि दी।

अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीओ सिटी सहित विंध्याचल, चील्ह और देहात थाने की पुलिस तैनात रही।

मासूम की हत्या से सेमरी गांव में शोक का माहौल है। परिवार ने अपने इकलौते बेटे को खो दिया है। वहीं, इस घटना ने अपहरण की सूचना पर पुलिस की शुरुआती कार्रवाई और जवाबदेही को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब मामले में आगे की जांच और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पर सबकी नजर है।