व्हाट्सएप कॉल पर पार्सल डिलीवरी का झांसा देकर साइबर ठगी, मिर्जापुर पुलिस ने पीड़ित के खाते में लौटाए ₹5,130
मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में व्हाट्सएप कॉल के जरिए पार्सल डिलीवरी का झांसा देकर हुई साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने NCRP शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में ₹5,130 वापस कराए।
मिर्जापुर। मिर्जापुर पुलिस की साइबर टीम ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित को राहत दिलाई है। व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से पार्सल डिलीवरी का झांसा देकर की गई साइबर ठगी में पीड़ित के खाते से गई धनराशि में से ₹5,130 वापस करा दिए गए।
पुलिस के अनुसार, विंध्याचल थाना क्षेत्र के शिवपुर निवासी अरबिंद मौर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 अक्टूबर 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर पार्सल डिलीवरी के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए उनके खाते से ₹5,600 ट्रांसफर करा लिए।
मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराई गई। शिकायत संख्या 33110250137694 के आधार पर विंध्याचल थाना साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में ₹5,130 की धनराशि वापस करा दी।
राशि वापस मिलने पर शिकायतकर्ता ने विंध्याचल पुलिस और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें साइबर जागरूकता के तहत ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय भी बताए और आम लोगों को भी साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की अपील की।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक चन्द्रभान सिंह तथा आरक्षी विपुल कुमार (साइबर सेल, थाना विंध्याचल) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।