Mirzapur News: चेहल्लुम पर अकीदत का सैलाब, शहरभर से निकले ताज़िया जुलूस, कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक हुए ताज़िए

मिर्जापुर में चेहल्लुम (अरबईन) का पर्व अकीदत और परंपरा के साथ मनाया गया। शहरभर से ताज़िया और अलम के जुलूस निकले, कर्बला इमामबाड़ा में ताज़ियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
 

मिर्जापुर। जनपद में मंगलवार को चेहल्लुम (अरबईन) का पर्व पूरी अकीदत, परंपरा और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। यौम-ए-आशूरा के 40वें दिन मनाए जाने वाले इस पर्व पर शहर के विभिन्न इलाकों से ताज़िया, अलम और दुल्दुल के जुलूस निकाले गए।

सभी जुलूस अपने पारंपरिक मार्गों से होते हुए कर्बला इमामबाड़ा पहुंचे, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार ताज़ियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

 

रिवायत के अनुसार मिर्जापुर में सबसे पहला ताज़िया जुलूस शिया बिरादरी की ओर से नफीसुल रिज़वी की क़ियादत में निकाला गया। जुलूस अपने निर्धारित कदीमी मार्गों से गुजरते हुए बड़ी चौक स्थित फतेह खान के बाड़े पहुंचा। यहां नौहाख्वानी और मातम के बाद श्रद्धालुओं के बीच शरबत और तबर्रुकात का वितरण किया गया।

 

दुल्दुल और अलम के जुलूस में उमड़ी भीड़

शाम करीब 7:30 बजे भैसहिया टोला स्थित मीर साहब की गली से दुल्दुल और अलम का जुलूस निकाला गया। यह जुलूस भी अपने पारंपरिक मार्गों से होकर फतेह खान के बाड़े पहुंचा, जहां मातम और नौहाख्वानी के बाद इमाम चौक पर रखे गए ताज़िए को शामिल किया गया।

इसके बाद जुलूस टेढ़ी नीम, नारघाट और बल्ली का अड्डा होते हुए कर्बला इमामबाड़ा पहुंचा, जहां ताज़ियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

शहर के कई मोहल्लों से निकले ताज़िया जुलूस

नमाज़-ए-जोहर के बाद भटवा पोखरी, पुरी कटरा, सबरी, तरकापुर, कुरैशनगर, रामबाग, मकरीखोह, देवपुरवा, इमलहा, तहसील रोड, खंदवा नाला, अमानगंज, हयातनगर और रमईपट्टी समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों से ताज़िया और अलम के जुलूस निकाले गए।

सभी जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला इमामबाड़ा पहुंचे, जहां मुस्लिम इंतेज़ामिया कमेटी की देखरेख में धार्मिक परंपरा के अनुसार ताज़ियों को ठंडा (दफन) किया गया।

मुहर्रम तकरीबात कमेटी ने संभाली व्यवस्था

चेहल्लुम के आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में मुहर्रम तकरीबात कमेटी और मुस्लिम इंतेज़ामिया कमेटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कमेटी के सदर अरशद खान ने पूरे जुलूस की अमन और अनुशासन के साथ निगरानी की।

उनके साथ फरहान खान, हैदर अली, मंजूर अहमद, मोहम्मद यासीन, मोहम्मद अशफाक खान, नेमत खान (गुड्डू), इरफान राइन, रोशन अली, मेहंदी हसन, नेहाल खान, मुस्लिम इंतेज़ामिया कमेटी के सदर उस्मान खान और सचिव फिरोज़ खान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

चेहल्लुम के मद्देनज़र प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई, जबकि वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार जुलूस मार्गों की निगरानी करते रहे।

प्रशासन की सतर्कता और आयोजकों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुआ।