मीरजापुर में कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा, मंडलायुक्त और DIG ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण

 मीरजापुर में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश और DIG पूनम ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। सड़क मरम्मत, बैरिकेटिंग, सुरक्षा, सफाई, प्रकाश और चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश दिए।
 

मीरजापुर। श्रावण मास में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

शनिवार को मंडलायुक्त विन्ध्याचल मंडल राजेश प्रकाश और पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) पूनम ने नगर क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भरूहना स्थित जी.डी. बिनानी कॉलेज के पास सड़क किनारे खोदे गए गड्ढों पर मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई।

उन्होंने निर्देश दिया कि सड़क की पटरी को तत्काल गड्ढामुक्त किया जाए। यदि कार्य पूरा होने में समय लगे तो मजबूत बैरिकेटिंग लगाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

मंडलायुक्त ने एनएचआई और लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि बरियाघाट नगर से लेकर घोरावल स्थित शिवद्वार मंदिर तक कांवड़ मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाया जाए। मार्ग में गड्ढों की मरम्मत, बैरिकेटिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सड़क को समतल करने का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए।

उन्होंने नगर पालिका और जिला पंचायत राज विभाग को निर्देश दिया कि कांवड़ मार्गों पर नियमित सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक उपचार और विश्राम स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

वहीं विद्युत विभाग को आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस उप महानिरीक्षक पूनम ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। जहां आवश्यकता हो वहां सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

उन्होंने एनएचआई अधिकारियों को हाईवे पर डिवाइडर और रिफ्लेक्टर लगाने के भी निर्देश दिए, जिससे रात के समय कांवड़ियों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका परिषद, एनएचआई तथा पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।