गुरु पूर्णिमा मेले के लिए सक्तेशगढ़ में हाई अलर्ट, ड्रोन से होगी 24 घंटे निगरानी

 

मीरजापुर। चुनार थाना क्षेत्र स्थित परमहंस आश्रम, सक्तेशगढ़ में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।

उत्तर प्रदेश सहित राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार समेत विभिन्न राज्यों से 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में पूरे मेला क्षेत्र को पांच जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है।

आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, भंडारा स्थल, पार्किंग, प्रमुख संपर्क मार्गों तथा सिद्धनाथ दरी सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों से पूरे मेला क्षेत्र की लगातार हवाई निगरानी की जा रही है।

ड्रोन के माध्यम से आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, पार्किंग स्थल, पर्यटक स्थल, जलप्रपात, दरी, झरना तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। कंट्रोल रूम से वरिष्ठ अधिकारी लगातार लाइव फीड पर नजर रख रहे हैं, ताकि किसी भी आपात, संदिग्ध या अव्यवस्थित स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।