जिलाधिकारी ने बी-पैक्स कम्प्यूटरीकरण एवं संचारी रोग अभियान की प्रगति की समीक्षा
मीरजापुर। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कम्पोजिट डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी तथा जिला स्तरीय कार्यान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में जनपद की बी-पैक्स समितियों में संचालित कम्प्यूटरीकरण योजना, उन्नयन योजना, वृहद अन्न भंडारण योजना, सोलराइजेशन योजना तथा मरम्मत एवं भंडारण योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक कर साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी-लार्वा छिड़काव, पेयजल की गुणवत्ता, जनजागरूकता, रोगियों की पहचान, उपचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की बिंदुवार समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे संचारी रोगों की रोकथाम प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) अमित कुमार पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजकुमार यादव, डीडीएम नाबार्ड शान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।